पांवटा–भगानी सड़क की बदहाली पर विधायक सुखराम चौधरी का आश्वासन, जल्द पक्की होगी 7 किलोमीटर सड़क
नाहन, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पांवटा साहिब से भगानी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क पर गड्ढों की संख्या इतनी अधिक है कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों में इसको लेकर भारी रोष बना हुआ है। बीते दिनों सिक्ख समुदाय के लोगों ने सड़क की खराब हालत को लेकर उप-मंडलाधिकारी पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में मांग की गई थी कि 10 फरवरी के आसपास भगानी से पांवटा साहिब तक निकाले जाने वाले फ़टे मार्च से पहले सड़क की मरम्मत करवाई जाए। इस फटे मार्च में विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह मार्च सुबह भगानी से शुरू होकर देर शाम पांवटा साहिब में संपन्न होता है, लेकिन सड़क की वर्तमान स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
इस पूरे मामले को लेकर पांवटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी ने बुधवार को आश्वासन देते हुए कहा कि पांवटा–भगानी सड़क की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क को जल्द पक्का किया जाएगा, जिसको लेकर एससी नाहन से बातचीत हो चुकी है।
विधायक सुखराम चौधरी ने यह भी बताया कि इस विषय पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भी चर्चा की गई है, जो हाल ही में पांवटा साहिब के दौरे पर आए थे। मंत्री स्तर पर भी सड़क सुधार को लेकर सकारात्मक रुख सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

