home page

नाहन में 12.38 करोड़ से संवरेंगी कांशीवाला-बनोग सड़क, विधायक ने किया भूमि पूजन

 | 
नाहन में 12.38 करोड़ से संवरेंगी कांशीवाला-बनोग सड़क, विधायक ने किया भूमि पूजन


नाहन, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन के समीपवर्ती क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली दो प्रमुख सड़कों का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की कई पंचायतों के हजारों लोगों को सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। साथ ही लोगों को वैकल्पिक बाईपास की सुविधा भी मिलेगी

विधायक अजय सोलंकी ने महत्वपूर्ण बनोग- कांशीवाला जब्बल का बाग मार्ग का भूमि पूजन करते हुए बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 12 करोड़ 38 लाख रुपए की भारी भरकम राशि खर्च की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने 81 लाख रुपए की लागत से बनने वाली बोगरियाँ सड़क के कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में इन सड़कों का शिलान्यास किया था और अब बजट उपलब्ध करवाकर धरातल पर काम शुरू करवा दिया गया है, जो वर्तमान सरकार की कार्यकुशलता को दर्शाता है।

विधायक अजय सोलंकी ने पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले कार्यकाल के दौरान काशीवाला-बनोग सड़क के निर्माण को लेकर केवल राजनीति की गई। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की उदासीनता और खींचतान के कारण ही यहाँ के लोग सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से सालों तक वंचित रहे।

विधायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार विकास के कार्यों में राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता को दी गई गारंटियों और वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है।अजय सोलंकी ने प्राथमिकता दोहराते हुए कहा कि जिला मुख्यालय नाहन से सटी सभी पंचायतों को मुख्य मार्गों से जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकता है, जिससे किसानों और बागवानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुँचाने में आसानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर