home page

कालाअंब में तेल टैंकर की टक्कर से बाइक सवार घायल, मामला दर्ज

 | 

नाहन, 07 अगस्त (हि.स.)। पुलिस थाना कालाअंब में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक घायल हो गया।शिकायतकर्ता मोहिब खान पुत्र अमजद खान, निवासी गांव देवनी, डाकघर मोगीनंद, तहसील नाहन ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त को शाम के समय वह अपनी निजी गाड़ी से कालाअंब से घर जा रहा था। जब वह मोगीनंद सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो उसके आगे एक मोटरसाइकिल चल रही थी।

इसी दौरान नाहन की तरफ से आ रहा एक तेल टैंकर अपनी साइड छोड़कर काफी अंदर आ गया और आगे चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक सहित सड़क पर गिर गया।

घायल मोटरसाइकिल चालक की पहचान अनुज, निवासी गांव देवनी, डाकघर मोगीनंद, तहसील नाहन के रूप में हुई है।घायल को मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर