home page

तेज रफ्तार बाइक पैराफिट से टकराई, एक युवक की मौत

 | 

नाहन, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में विरेन्द्र सिंह तोमर पुत्र मदन सिंह निवासी गांव सतौन, तहसील कमरऊ ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को वह पांवटा साहिब से सतौन की ओर जा रहा था। खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ पर उसने देखा कि एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त पड़ी है।

बाइक पर कृष्ण पुत्र देवी चंद, तेजपाल पुत्र राम लाल और रणदीप पुत्र करमा, सभी निवासी खोडोवाला सवार थे। आरोप है कि बाइक चालक कृष्ण तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई।इस हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बाइक चालक कृष्ण ने दम तोड़ दिया।

पुलिस थाना पुरुवाला ने कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर