home page

चंबा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक, सात लोगों की गई जान

 | 
चंबा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक, सात लोगों की गई जान


शिमला, 18 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में सात लोगों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने मसरूंड-हमल सड़क पर छतरुंड के निकट बुधवार देर रात हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

गौरतलब है कि चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के मसरूंड इलाके में बुधवार देर रात एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया था। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही गांव के छह सदस्य और एक अन्य व्यक्ति शामिल बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग एक सामाजिक समारोह से लौट रहे थे, तभी मसरूंड-हमल मार्ग पर छतरुंड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

एक ही गांव के सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया में जुट गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा