home page

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हिमाचल दौरे की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

 | 

शिमला, 24 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य सचिव संजय गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रदेश सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 27 अप्रैल से 2 मई तक प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। राष्ट्रपति 27 अप्रैल को एक सप्ताह के प्रवास पर शिमला पहुंचेंगी।

बैठक में पिछले सप्ताह हुई समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति और उन पर की गई कार्यवाही का आकलन किया गया। दौरे के सुचारु और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा पास जारी करने की प्रक्रिया, यातायात प्रबंधन, प्रेस कवरेज के समन्वय सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा राष्ट्रपति के प्रस्तावित कांगड़ा, शिमला तथा लाहौल एवं स्पीति जिलों के दौरे की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दौरे को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, सचिव (सामान्य प्रशासन) आशीष सिंहमार, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह सहित राज्य पुलिस, अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सेना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कांगड़ा, कुल्लू तथा लाहौल एवं स्पीति जिलों के उपायुक्तों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला