राजस्व मंत्री ने पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत स्पीलो में किये 2 करोड़ से अधिक के उदघाटन
रिकांगपिओ, 11 अप्रैल (हि.स.)। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां किन्नौर जिला के पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत स्पीलो पहुंच कर 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बने स्पीलो गांव के लिए सम्पर्क सड़क का शुभारंभ किया एवं 1 करोड़ 10 लाख रुपये की से निर्मित हुए स्पीलो बाजार में पार्किंग का उद्घाटन किया तथा 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने देवी मंदिर स्पीलो के प्रांगण में जनसभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, मनरेगा अधिनियम 2005, खाद्य सुरक्षा अधिनियम तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, को लाने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के निर्धन एवं भूमिहीन लोगों को जमीन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से जनजातीय लोगों को लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नौतोड अधिनियम-1968 स्वर्गीय मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार की देन है जिससे जन-जातीय लोगों व उपेक्षित वर्गों को भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिला के भूमिहीन लोगों से आग्रह किया कि वे इस अधिनियम का लाभ उठाएं और वर्तमान प्रदेश सरकार की सर्वस्पर्शी नीतियां हर वर्ग को आर्थिक तौर पर मजबूत कर रही है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदाओं के समय प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करने के लिए संवेदनशीलता से आपदा प्रभावितों को संशोधित राज्य आपदा मैनुअल के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार अधिकतम आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि कठिन परिस्थितियों में किसी भी परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े
जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि जिला किन्नौर के दुर्गम स्थानों को संपर्क सड़कों से जोड़ने का कार्य हो या जिला के विद्यालयों में गुणात्मक शिक्षा व नवीन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाना हो हर क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

