जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पंजीकरण करवाएं एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मी
हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने बताया कि मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी अब भूतपूर्व सैनिकों की श्रेणी में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौसेना और वायु सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था, लेकिन अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इस श्रेणी में शामिल कर दिए गए हैं।
उपनिदेशक ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के पास अभी जिले में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है। इसलिए, जिला हमीरपुर में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मचारी अतिशीघ्र जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हमीरपुर में संपर्क करके अपना नाम दर्ज करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें। इससे वे भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

