home page

बिझड़ी में भाजपा को मजबूती, निर्विरोध बीडीसी सदस्य रेखा देवी ने विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के नेतृत्व में जताया भरोसा

 | 
बिझड़ी में भाजपा को मजबूती, निर्विरोध बीडीसी सदस्य रेखा देवी ने विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के नेतृत्व में जताया भरोसा


हमीरपुर, 13 मई (हि.स.)। बिझड़ी क्षेत्र की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी को उस समय महत्वपूर्ण मजबूती मिली जब क्षेत्र से निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुईं रेखा देवी ने विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के निवास पर पहुंचकर भाजपा को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने विधायक लखनपाल से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के कार्यों को भाजपा की विचारधारा के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रेखा देवी के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। राजनीतिक दृष्टि से इसे बिझड़ी क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते जनाधार और विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के मजबूत नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने रेखा देवी का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा सदैव विकास, जनकल्याण और राष्ट्रहित की राजनीति को प्राथमिकता देती आई है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा रेखा देवी को निर्विरोध चुनना सामाजिक समरसता, लोकतांत्रिक विश्वास और विकासोन्मुख सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधायक लखनपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि रेखा देवी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगी तथा बिझड़ी क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

रेखा देवी ने विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकासात्मक सोच और विधायक लखनपाल के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी को अपना समर्थन दिया है तथा वे जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने भी रेखा देवी को निर्विरोध निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन को विकास और स्थिर नेतृत्व की राजनीति पर जनता की मुहर बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा