home page

अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में गूंजेगा खेल भावना का संदेश, पूर्व सैनिक संगठन कराएगा वॉलीबॉल प्रतियोगिता

 | 
अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में गूंजेगा खेल भावना का संदेश, पूर्व सैनिक संगठन कराएगा वॉलीबॉल प्रतियोगिता


नाहन, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में इस बार खेल भावना, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजेगा। पूर्व सैनिक संगठन श्रीरेणुकाजी एवं संगड़ाह की ओर से मेले के दौरान 19 से 24 नवंबर तक वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में पंचायत स्तर की 32 टीमें भाग लेंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

नाहन में पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश कंठ, मीडिया प्रभारी रणदीप शर्मा और चीफ एडवाइजर जेआर शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता वन विभाग कार्यालय के वॉलीबॉल मैदान में करवाई जाएगी। सभी मुकाबले पूल वाइज होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी संगठन की ओर से की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क 2,500 रुपये निर्धारित किया गया है।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा दी जा सकती है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। संगठन का प्रयास है कि युवा खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझें।

अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और लोक संस्कृति के लिए विशेष पहचान रखता है। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन के दौरान खेल प्रतियोगिता करवाने से मेले में खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर