home page

रेणुका जी बांध परियोजना: दूसरे चरण में बेघर हुए 31 परिवारों की सूची अधिसूचित

 | 

नाहन, 28 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने अधिसूचना जारी कर रेणुका जी बांध परियोजना ददाहू के अंतर्गत द्वितीय चरण में प्रभावित बेघर/गृहविहीन 31 संरचना अधिगृहीत परिवारों की सूची अधिसूचित की है।उपायुक्त ने बताया कि महाप्रबंधक रेणुका जी बांध परियोजना से प्राप्त सूचियों के अनुरूप इन 31 परिवारों की केवल संरचनाओं का अधिग्रहण किया गया है।

अधिसूचित परिवारों में पंचायत/राजस्व गांव संगड़ाह/लग्नू के 12, ददाहू/दीद बगड़ के 02, ददाहू/पराड़ा के 07, लाना भाल्टा/बोगली व्यालग के 04, राजगढ़/काथली भरन के 02, संगड़ाह/रजाना के 02 और नौहराधार/गवाही के 02 परिवार शामिल हैं।परिवारों की विस्तृत सूचियां उपायुक्त सिरमौर की आधिकारिक वेबसाइट https://hpsirmaur.nic.in तथा संबंधित पटवार वृत्त संगड़ाह, रजाना, ददाहू, बेचड़ का बाग, लाना मछेर, डिम्बर, निहोग में 26 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक अवलोकन के लिए उपलब्ध होंगी।

उपायुक्त ने बताया कि ऐसे व्यक्ति जिनकी भूमि या घर इस परियोजना के लिए अधिग्रहित हुए हैं और उनका नाम इस सूची में शामिल नहीं है या गलत रूप से शामिल है, वह अपने दावे व आक्षेप लिखित रूप में रेणुका जी बांध परियोजना कार्यालय ददाहू, तहसीलदार ददाहू तथा रेणुका जी स्थित संगड़ाह, नौहराधार, राजगढ़ व नायब तहसीलदार उपतहसील नारग के भू-व्यवस्था वृत्त वासनी जिला सिरमौर के कार्यालय में 26 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक द्वारा भेज सकते हैं। इसके बाद प्राप्त दावे मान्य नहीं होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर