home page

जयेष्ठ संक्रांति पर श्री रेणुकाजी तीर्थ में गूंजे वैदिक मंत्र, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना

 | 

नाहन, 15 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी तीर्थ में जयेष्ठ संक्रांति के पावन अवसर पर शुक्रवार को धार्मिक आस्था और श्रद्धा का विशेष माहौल दिखा। इस शुभ अवसर पर श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड की ओर से मंदिर परिसर में विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और विश्व शांति की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया।

हवन यज्ञ में बतौर मुख्य याज्ञिक श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल ने भाग लिया। उनके साथ बोर्ड सदस्य अशोक अग्रवाल, मंदिर के मुख्य पुजारी देवा रमेश कपिल और पंडित रवि दत्त मौजूद रहे। वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।

श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे तीर्थ क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर