home page

मांगें पूरी न होने पर भड़की रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति, 20 दिन का अल्टीमेटम

 | 

नाहन, 02 मार्च (हि.स.)। रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने सोमवार को टनल स्थल पर पहुंचकर रेणुकाजी डैम का काम रोक दिया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने बांध प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। समिति ने डैम प्रबंधन को 20 दिन के भीतर विस्थापितों की मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया।

समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर, संयोजक विनोद ठाकुर, प्रेस सचिव योगी ठाकुर ने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में 150 हाउसलैस परिवारों की सूची जारी नहीं की जाती है तो वे पुनः रेणुका डैम का कार्य बंद करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि जिन छह परिवारों को घर छोड़ने के लिए नोटिस दिया गया है, उनका उचित तरीके से विस्थापन किया जाए और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अपने घर नहीं छोड़ेंगे। समिति ने इन परिवारों के साथ खड़े रहने का भी ऐलान किया।

इससे पूर्व समिति के पदाधिकारियों ने बांध स्थल पर बैठक की, जिसमें विस्थापितों की मांगों पर मंथन किया गया। इसके बाद विस्थापितों ने निर्माण कार्य को रुकवाकर विरोध प्रदर्शन किया। समिति के पदाधिकारियों ने परियोजना के नए एजीएम अरुण कपूर से मुलाकात कर विस्थापन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। योगी ठाकुर ने बताया कि प्रबंधन ने 150 परिवारों की सूची 20 दिन के भीतर सार्वजनिक करने का आश्वासन दिया है। साथ ही छह परिवारों को घर खाली करने के लिए दिए गए 30 दिन के समय पर भी सही तरीके से उचित पुनर्वास के लिए कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर