सिरमौर में नियमित हुए अनुबंध आधार पर नियुक्त 17 जेबीटी
नाहन, 16 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर में शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 17 अनुबंध आधार पर कार्यरत जूनियर बेसिक शिक्षकों की सेवाओं को नियमित कर दिया है । प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय, नाहन द्वारा आज जारी आदेशों के अनुसार, यह नियमितीकरण उन शिक्षकों के लिए किया गया है जिन्होंने 31 मार्च 2026 तक दो वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर ली थी । इन शिक्षकों को हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के तहत पे-मैट्रिक्स के लेवल 8 (₹29,700/-) के न्यूनतम वेतन पर नियुक्त किया गया है ।
नियमित किए गए शिक्षकों में विभिन्न शिक्षा खंडों के अभ्यर्थी शामिल हैं । इनमें श्वेता (GPS क्यार मंगोला, सतौन), कल्पना (GPS बड़ा लानी, शिल्लाई), मोनल ठाकुर (GPS कियारी, सुरला), संजय कुमार (GPS अरलू, नोहराधार), तरन्नुम जहां (GPS विक्रम का बाग, सुरला), और पूनम चौधरी (GPS जावलापुर, पांवटा साहिब) के नाम प्रमुख हैं । इसके अतिरिक्त कविता कुमारी (GPS पाब-III, बकरास), शिव राम (GPS बामराड़, बकरास), चंद्रावती (GCPS द्राबिल, रोनहाट), मस्त राम (GPS भदवाणा, संगड़ाह), सुनील कुमार (GPS जसवी, रोनहाट), नीलम (GPS जब्याना, नारग), आदित्य कुमार (GPS देववाला, माजरा), राम किशन (GPS झील, माजरा), श्याम लाल (GPS वासु, नारग), पूनम देवी (GPS लाजवा, संगड़ाह) और रविंदर कुमार (GPS खील, सतौन) को भी नियमित किया गया है ।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां हिमाचल प्रदेश सरकार के नवीनतम भर्ती एवं सेवा नियमों के तहत की गई हैं । नियमित किए गए सभी शिक्षक दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेंगे । आदेशों के अनुसार इन शिक्षकों को जिले या राज्य में कहीं भी तैनात किया जा सकता है और उन्हें दुर्गम या उप-संवर्ग क्षेत्रों में कम से कम पांच वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी । सभी संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन शिक्षकों के शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रमाणपत्रों का गहन सत्यापन सुनिश्चित करें ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

