लोकतंत्र को मज़बूत करने में मीडिया की अहम भूमिका : अनिरुद्ध सिंह
सोलन, 05 फ़रवरी (हि.स.)। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मज़बूत करने में मीडिया अहम भूमिका निभाता है। अनिरुद्ध सिंह वीरवार को यहां फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया द्वारा आयोजित प्राइड ऑफ सोलन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि सामाज के गम्भीर मुद्दों को सरकार तक तथा सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया भी समय-समय पर सामाजिक मुद्दों को उजागर कर जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा हैं।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक चुनौती बनकर उभर रहा है। युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करें। नशे को समाज से पूरी तरह खत्म करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यक है।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मादक पदार्थ चिट्टे के विरुद्ध जन आंदोलन आरम्भ किया गया है। इसी कड़ी में प्रदेश भर में चिट्टे के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस जन आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। ग्रामीण विकास मंत्री ने इस अवसर पर फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया द्वारा चिट्टे के विरूद्ध ‘चिट्टे की ऐसी तैसी’ अभियान का शुभारम्भ भी किया।
पंचायती राज मंत्री ने इस अवसर पर ज़िला सोलन की उन 50 विभूतियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

