home page

स्वास्थ्य मंत्री ने पंचायतों में कूड़ा एकत्रित ई-रिक्शा किया रवाना

 | 
स्वास्थ्य मंत्री ने पंचायतों में कूड़ा एकत्रित ई-रिक्शा किया रवाना


सोलन, 05 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने शनिवार को यहां सोलन विधानसभा क्षेत्रों की सात ग्राम पंचायतों के लिए कूड़ा एकत्रित करने वाली ई-रिक्शा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह ई-रिक्शा ग्रामीण विकास विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि यह ई-रिक्शा सोलन विधानसभा क्षेत्र की डांगरी, कोठों, नौणी मझगांव, सलोगड़ा, ओच्छघाट, आंजी तथा सपरुन ग्राम पंचायतों से कचरा एकत्रित करने के उपरांत ग्राम पंचायत में स्थापित कचरा एकत्रित शैड में पहुंचाने का कार्य करेगी। इसके उपरांत विकास खण्ड स्तर पर कचरा प्रबंधन यूनिट में इसका उचित निष्पादन किया जाएगा।

डॉ. शांडिल ने कहा कि इस पर्यावरण-अनुकूल पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को अधिक कुशल, आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाना है। इस योजना के तहत चयनित पंचायतों के हर घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के इस्तेमाल से न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि तंग ग्रामीण रास्तों पर भी आसानी से कचरा संग्रहण संभव हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा