home page

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जयराम ठाकुर पर हमला, आरडीजी बंद करने को बताया प्रदेश के साथ अन्याय

 | 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जयराम ठाकुर पर हमला, आरडीजी बंद करने को बताया प्रदेश के साथ अन्याय


हमीरपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हमीरपुर जिला एक दिवसीय दौरे पर हमीरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी पार्टी है और हमेशा जनता को गुमराह करने का काम करती आई है। उन्होंने विशेष रूप से आरडीजी (राज्य को मिलने वाली विशेष वित्तीय सहायता) बंद किए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा और इसे प्रदेश के साथ अन्याय करार दिया।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आरडीजी के माध्यम से ही हिमाचल प्रदेश का कर्ज उतारा जा सकता था, लेकिन इसे बंद कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि जयराम ठाकुर के कार्यकाल में आरडीजी से प्रदेश को 54 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। जब जयराम ठाकुर ने सत्ता संभाली थी, तब प्रदेश पर लगभग 48 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वित्तीय कुप्रबंधन के कारण आज स्थिति यह है कि कर्ज चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है और हिमाचल “डेड ट्रैक” में फंस गया है।

हमीरपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने जसकोट स्थित निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज की साइट का जायजा लिया। साथ ही निर्माणाधीन नए बस अड्डे का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने को कहा।मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर में तीन प्रमुख परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बैठक आयोजित की गई है। इन परियोजनाओं को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और मई माह तक प्रमुख कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को एम्स स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने संतोष जताया कि विकास कार्यों में तेजी लाई गई है और पहले की तुलना में कार्य गति बेहतर हुई है।

उन्होंने कहा कि आरडीजी बंद होने के तुरंत बाद चुनाव की तैयारी की बात करना यह दर्शाता है कि भाजपा को प्रदेश के हितों से अधिक राजनीतिक चिंता है।मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में दो नए प्रदेश स्तरीय कार्यालय खोलने की घोषणा भी की।

उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट विभाग का नया विंग हमीरपुर में स्थापित किया जाएगा, जबकि अर्बन डिवेलपमेंट विभाग का प्रदेश मुख्यालय भी यहीं खोला जाएगा। ये दोनों कार्यालय निर्माणाधीन नए बस अड्डा भवन में संचालित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा