home page

वैभव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर सिरमौर और हिमाचल का नाम रोशन किया : डॉ. राजीव बिंदल

 | 
वैभव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर सिरमौर और हिमाचल का नाम रोशन किया : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 29 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के कालाअंब के जाट्टांवालां निवासी वैभव सुपुत्र रणवीर सिंह राणा को भुवनेश्वर में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि वैभव ने अपनी शानदार प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर सिरमौर, हिमाचल प्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के लिए बल्कि समस्त हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि सिरमौर की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है और वैभव की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। खेल के क्षेत्र में इस प्रकार की सफलता युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित करती है। डॉ. बिंदल ने वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश के लिए अनेक पदक जीतकर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर