home page

राजगढ़ में 36 घंटे से जारी भारी बारिश, किसानों-बागवानों के लिए बनी संजीवनी

 | 

नाहन, 20 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में पिछले लगभग 36 घंटों से लगातार हो रही भारी वर्षा ने पूरे क्षेत्र का मौसम बदल दिया है। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों और बागवानों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं मानी जा रही है। क्षेत्र में अच्छी मात्रा में वर्षा दर्ज की गई है, जिससे खेतों और बागों में नई जान आ गई है।

पिछले कई दिनों से वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों और बागवानों के चेहरे इस बारिश से खिल उठे हैं। सूखे के कारण फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं, लेकिन अब इस बारिश से गेहूं, जौ, सरसों, आलू, मटर और लहसुन जैसी फसलों को भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं बागवानी की बात करें तो इस समय आड़ू, प्लम, सेब, खुमानी और कीवी जैसी फसलों में फ्लावरिंग का दौर चल रहा है। ऐसे में यह बारिश इन फलदार पौधों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है और अच्छी पैदावार की संभावना बढ़ गई है।

राजगढ़ क्षेत्र की भौगोलिक विशेषता भी इसे खास बनाती है। यह क्षेत्र निचले, मध्यम और ऊंचाई वाले तीन भागों में विभाजित है, जिसके कारण यहां विभिन्न प्रकार की फसलें और फल उगाए जाते हैं। यही वजह है कि यहां के किसान और बागवान कई प्रकार के फलों और सब्जियों का रिकॉर्ड उत्पादन करते हैं।

बारिश के साथ-साथ तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। मार्च महीने में ही सर्दियों जैसा मौसम लौट आया है और तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ठंड बढ़ने के कारण लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं, जिससे दिसंबर जैसे मौसम का एहसास हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर