नाहन में अचानक बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंडक
नाहन, 05 मई (हि.स.)। मई के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, वहीं आज शाम सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब साढ़े पांच बजे आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान बीच-बीच में हल्की ओलावृष्टि भी देखने को मिली, जिससे मौसम और ठंडा हो गया।
अचानक हुई इस बारिश का असर शहर के सामान्य जनजीवन पर भी पड़ा। कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़कों व गलियों में पानी बहने लगा। हालात ऐसे लग रहे थे मानो बरसात का मौसम आ गया हो। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
फिलहाल इस बारिश से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

