बारिश से सिरमौर में बढ़ी मुश्किलें, 24 सड़कें बंद; लोक निर्माण विभाग को 84.39 लाख का नुकसान
नाहन, 03 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर पड़ने लगा है। भारी वर्षा के चलते जिले में 24 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को 84.39 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है।कई संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार दोपहर तीन बजे जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार बंद सड़कों में नाहन मंडल की 11, शिलाई की 6, संगड़ाह की 3, राजगढ़ की 2 तथा पांवटा साहिब मंडल की 2 सड़कें शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग की टीमें प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल करने में जुटी हुई हैं।
बारिश के कारण पांवटा साहिब उपमंडल के बाता मंडी में एक कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ। प्रारंभिक आकलन के अनुसार निजी संपत्ति को करीब दो हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पिछले 24 घंटों में जिले में पांवटा साहिब में सर्वाधिक 75.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नोहराधार में 33 मिलीमीटर, ददाहू में 20 मिलीमीटर, राजगढ़ में 18 मिलीमीटर, शिलाई में 10 मिलीमीटर तथा नाहन में 5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि संगड़ाह क्षेत्र में हल्की बारिश हुई।
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

