(अपडेट) राहुल गांधी का कांगड़ा पहुंचने पर सीएम सुक्खू सहित कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत
धर्मशाला, 30 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वीरवार सुबह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंच गए हैं। राहुल सुबह करीब 8 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पर उतरे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से सीधे कांगड़ा के गुप्त गंगा पहुंचे, जहां पंजाब, हिमाचल व जम्मू-कश्मीर राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों का ट्रेनिंग कैंप चल रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत किया और फिर राहुल गांधी के साथ ही गाड़ी में ट्रेनिंग शिविर स्थल गुप्त गंगा पंहुचे। यहां पर पिछले 10 दिनों से कांग्रेस के तीन राज्यों के 80 जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग चल रही है जिसका आज आखिरी दिन है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि राहुल गांधी इस शिविर में संगठन को मजबूत करने, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, जमीनी स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने और विपक्षी दलों के नैरेटिव का जवाब देने के टिप्स देंगे। शिविर का आयोजन कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है।
उधर राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कांगड़ा सब्जी मंडी में आज अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले बुधवार को एसपीजी कमांडो द्वारा कांगड़ा एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक दो बार सुरक्षा जांच और पेट्रोलिंग की गई।
पूरे देश में प्रशिक्षण शिविरों को संबोधित कर रहे राहुल : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि राहुल गांधी पूरे देश में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसी कड़ी में वे कांगड़ा आ रहे हैं। हिमाचल कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रशिक्षण शिविर के संयोजक एवं एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि राहुल गांधी का यह दौरा केवल प्रशिक्षण शिविर तक सीमित रहेगा। इसमें आम जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल नहीं है।
राहुल गांधी के दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले तीन दिन से कांगड़ा में डटे हैं और तैयारियों में जुटे रहे। उनके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, कैबिनेट मंत्री व अन्य वरिष्ठ नेता भी कांगड़ा पहुंच चुके हैं। जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देने के बाद राहुल गांधी हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी चर्चा कर सकते हैं। जिला अध्यक्षों के साथ लंच के बाद राहुल गांधी वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

