केंद्र सरकार का पुतला जलाने के प्रदर्शन से कांग्रेस की बौखलाहट हुई उजागर : विजय अग्निहोत्री
हमीरपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने मंगलवार को प्रेस बयान जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र सरकार का पुतला जलाए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस प्रदर्शन से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बौखलाहट साफ तौर पर सामने आ गई है। अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा वोट बैंक की राजनीति करती रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी स्वयं नफरत की राजनीति करते हैं और दूसरे नेताओं का सम्मान करना नहीं जानते। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद को बढ़ावा देकर राहुल गांधी केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार की राजनीति से परहेज करती है।
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को जनता कई बार नकार चुकी है और उनके नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार चुनावी असफलताओं का सामना करना पड़ा है। ऐसे नेतृत्व को बार-बार आगे बढ़ाने से पार्टी को क्या हासिल होगा, इस पर कांग्रेस को विचार करना चाहिए।
अग्निहोत्री ने दावा किया कि कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन में जनता ने भी शामिल होना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के प्रति लोगों में अब पहले जैसा उत्साह नहीं रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से आह्वान किया कि वे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करें। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा विकास और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है तथा इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

