लोक निर्माण मंत्री ने किया सोलन-सुबाथू मार्ग का निरीक्षण
सोलन, 04 जुलाई (हि.स.)। लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को सुबाथू पहुंचकर मुख्य जिला सड़क (परवाणू-कसौली-धर्मपुर-सोलन) का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से मिलकर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि शीघ्र ही इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मौसम एवं अन्य कारणों से इस मार्ग की स्थिति खराब है। इसके मुरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा नाबार्ड के तहत 23 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्वीकृति मिलने के उपरांत सड़क के सुधारीकरण का कार्य आरम्भ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि नाबार्ड से 23 करोड़ की राशि स्वीकृत होने तक इस सड़क का सुधारीकरण का कार्य 1 करोड़ 35 लाख रूपये की लागत से विभाग द्वारा करवाया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि वह स्वयं विभिन्न क्षेत्रो में जाकर सड़कों का निरीक्षण कर रहे हैं। सड़कों में यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे संबन्धित अधिकारियों को दुरूस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी सड़कों को बेहतर बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। वर्तमान समय में प्रदेश में जो भी मार्ग बनाएं जा रहे हैं, उन सभी में बॉक्स कल्वर्ट लगाए जा रहें हैं, ताकि भारी वर्षा से सड़कों को नुकसान न पहुँचे। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ रूपये की राशि से धर्मपुर सुबाथू मार्ग का सुधारीकरण का कार्य प्रगति पर है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सोलन ज़िला में गत साढ़े तीन वर्षों में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण पर लगभग 227 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में 12 नए पुल निर्मित किए गए और 11 पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर लगभग 40 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

