चुवाड़ी में खुलेगा सिविल कोर्ट, सीबीएसई स्कूल और सड़कों के लिए 10 करोड़ की घोषणा
चंबा, 03 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में सीबीएसई से संबद्ध स्कूल खोलने तथा विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये देने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री चुवाड़ी चौगान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करेगी। इसके तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। भटियात क्षेत्र के लगभग 10 हजार परिवारों की 20 हजार महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये, गेहूं का 80 रुपये और मक्की का 50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित कर रही है। वहीं, गाय के दूध पर 61 और भैंस के दूध पर 71 रुपये प्रति लीटर समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए 190 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और यहां 32 स्नातकोत्तर सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों के रिक्त पद भरने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी सरकार की विकासात्मक पहलों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत नेताओं को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

