पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी की जयंती पर 7 जुलाई को कुल्लू में होगा राज्य स्तरीय साहित्यिक आयोजन
शिमला, 04 जुलाई (हि.स.)। भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेश के प्रख्यात साहित्यकार पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी की राज्य स्तरीय जयंती का आयोजन 7 जुलाई को देव सदन, ढालपुर, कुल्लू में किया जाएगा। समारोह के प्रथम सत्र में प्रातः 10:00 बजे लेखक गोष्ठी तथा द्वितीय सत्र में नाटक एवं कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
लेखक गोष्ठी में डॉ. दयानंद गौतम ‘पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी: निबंधकार एवं व्यंग्यकार’ विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। इसके उपरांत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए साहित्यकार इस विषय पर परिचर्चा करेंगे। विभाग ने हिंदी विषय एवं साहित्य में रुचि रखने वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी समारोह में आमंत्रित किया है। गोष्ठी के समापन पर विद्यार्थियों को पं. गुलेरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आमंत्रित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
समारोह के दूसरे सत्र में नाटक और कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कवि सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों को प्रदेशभर से आए कवियों के साथ साहित्य और कविता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
भाषा एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रीमा कश्यप ने बताया कि पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। वे उत्कृष्ट कहानीकार होने के साथ-साथ श्रेष्ठ निबंधकार, भाषाशास्त्री, कवि, संपादक तथा भारतीय संस्कृति के प्रकांड विद्वान थे। प्राकृत, बौद्ध दर्शन और भाषा विज्ञान पर उनका गहन अध्ययन था। उनका संस्मरणात्मक निबंध ‘सुमिरिनी के मनके’ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 40 कवि एवं साहित्यकार भाग लेंगे। इसके साथ ही राज्य अभिलेखागार द्वारा ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसका लाभ निकटवर्ती विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित आमजन भी उठा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

