संगीतज्ञ उमेश भारद्वाज प्रतिभा पुष्प अवार्ड से सम्मानित
मंडी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। अमेरिका की प्रतिभा पुष्प फाउंडेशन ने इस साल का अवार्ड मंडी की प्रख्यात कला संस्था संगीत सदन के संचालक उमेश भारद्वाज को दिया है। खत्री सभा मंडी में संपन्न संस्था के नौवें अवार्ड समारोह में प्रख्यात गायिका एवं शिक्षाविद् हिमाचल की स्वर कोकिला कही जाने वाली शुक्ला शर्मा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं जिन्होंने उमेश भारद्वाज को स्मृति चिह्न व 25 हजार रूपए का चेक प्रदान करके सम्मानित किया।
इस मौके पर मंडी शहर के मूल निवासी वर्तमान में अमेरिका में बस चुके पुष्प कपूर जो इस फाउंडेशन के संचालक हैं तथा मंडी में कई बड़े कार्यों में अपना योगदान देते आए हैं वह भी मौजूद थे। गणमान्य लोगों व शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से खचाखच भरे खत्री सभा भवन हाल में हुए इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में फाउंडेशन के संचालक पुष्प कपूर ने कहा कि पिछले 9 साल से लगातार चल रहे इस अवार्ड कार्यक्रम जिसमें अब तक कला, संस्कृति, खेल व अन्य विधाओं में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है को कुछ कारणों से वह अगले साल से बंद कर रहे हैं। अवार्ड की जगह वह कुछ अन्य कार्यों में विशेष सहयोग करें। इस कड़ी में अब वह संगीत सदन द्वारा हर साल मई महीने में नवोदित कलाकारों के लिए लगाए जाने वाले शिविर को प्रायोजित करेंगे व इस में भाग लेने वाले सभी 25-30 बच्चों का खर्च वहन करेंगे।
इस मौके पर ओल्ड बैंड ब्याय के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक स्वर लहरियों से खूब रंग जमाया। अन्य कलाकारों ने भी अपनी अपनी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अरूणा कपूर ने अवार्ड समारोह व नित्यदर्शी वैद्य ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन किया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

