सिया हत्याकांड के विरोध में सरकाघाट में प्रदर्शन
मंडी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के सरकाघाट-गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव में हुए जघन्य हत्याकांड की शिकार बेटी सिया गुलेरिया को न्याय दिलाने के लिए मंगलवार को सरकाघाट पार्क में लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर सिया को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए आवाज उठाई। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का भी संकल्प लिया।
इस प्रदर्शन में छात्र संगठनों एसएफआई, एवीबीपी और एनएसयूआई के साथ-साथ व्यापार मंडल, जनवादी महिला समिति, हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति, अमृता संस्था, वरिष्ठ नागरिक कल्याण सभा, सफाई मजदूर यूनियन, विश्व हिंदू परिषद, मशाल संस्था, महिला मंडलों, मनरेगा मजदूर यूनियन, हिमाचल किसान सभा और अधिवक्ता यूनियन सहित कई संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर सिया गुलेरिया को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस घटना के दोषियों को कठोर से कठोर सजा दी जानी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने क्षेत्र में बढ़ते चिट्टे और अन्य नशे के मामलों पर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने और सरकाघाट क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की मांग की। इसके अलावा नैण गांव के लिए लंबे समय से बंद चल रही बस सेवा को तुरंत बहाल करने की भी मांग रखी गई।
इससे पहले सुबह सिया गुलेरिया का उनके पैतृक गांव में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में स्थानीय विधायक दिलीप सिंह, एसडीएम राजेंद्र गौतम, डीएसपी संजीव गौतम, राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं माकपा नेता भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य मुनीश शर्मा, नागेंद्र गुलेरिया, तहसीलदार रमेश भारद्वाज, अधिवक्ता सुरेश शर्मा और दिनेश काकु सहित कई लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

