शिमला : सड़क पर नमाज़ पढ़ने को लेकर माहौल गरमाया, पुलिस ने संभाली स्थिति
शिमला, 03 अप्रैल (हि.स.)। शिमला ज़िले के चौपाल उपमंडल के नेरवा में शुक्रवार को सड़क पर नमाज़ पढ़े जाने की घटना के बाद माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया। सार्वजनिक स्थान पर नमाज़ अदा करने को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ हिंदू संगठनों ने विरोध जताया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर नेरवा के मुख्य बाज़ार क्षेत्र की सड़क पर कुछ लोग नमाज़ अदा कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने आपत्ति जताई और कहा कि सड़क पर इस तरह की गतिविधि से आवाजाही प्रभावित हो रही है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और विरोध करने लगी।
घटना की सूचना मिलने पर कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने सड़क पर धार्मिक गतिविधियों को लेकर प्रशासन से आपत्ति जताई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से यातायात प्रभावित होता है और इसके लिए स्पष्ट नियम बनाए जाने चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की।
स्थिति को देखते हुए नेरवा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत करवाया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी कोई भी गतिविधि जिससे यातायात या शांति व्यवस्था प्रभावित होती हो, नियमों के अनुसार ही की जा सकती है।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर नेरवा बाज़ार और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

