home page

हिमाचल प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख, धर्मशाला में 15 नवंबर का धरना स्थगित

 | 
हिमाचल प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख, धर्मशाला में 15 नवंबर का धरना स्थगित


शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सरकार और शिक्षा विभाग के सकारात्मक रुख के बाद राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। शिक्षा विभाग और शिक्षक संघ के बीच हुई बैठक में 25 सूत्रीय मांगपत्र के बुधवार को अधिकांश मुद्दों पर सहमति बनी है। बैठक निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आशीष कोहली की अध्यक्षता में हुई। इसमें कई अहम मांगों को स्वीकार करने पर सहमति बनी। इसके बाद विभाग ने संघ के पदाधिकारियों को जारी नोटिस भी वापस ले लिए हैं। हालांकि, शिक्षा निदेशालय के बाहर पिछले 109 दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन अभी जारी रहेगा। संघ का कहना है कि मांगों को सरकारी अधिसूचनाओं और विभागीय आदेशों के माध्यम से लागू किए जाने के बाद ही अनशन समाप्त किया जाएगा।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर पिछले 109 दिनों से क्रमिक अनशन कर रहे हैं। इस दौरान संघ ने 15 दिनों की पैदल यात्रा निकाली और शिमला के चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन भी किया। शिक्षा विभाग के साथ पहले भी कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन मांगों पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई थी। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई बैठक में अधिकांश मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और सहमति बनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले सात से दस दिनों में मुख्यमंत्री की औपचारिक स्वीकृति के बाद मांगों को लागू करने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

बैठक में न्यू स्कूल कॉम्प्लेक्स सिस्टम में प्राथमिक शिक्षकों के खिलाफ किए गए प्रावधानों को हटाने पर सहमति बनी है। प्राथमिक शिक्षा का प्रशासनिक नियंत्रण पहले की तरह केंद्रीय मुख्य शिक्षकों, मुख्य शिक्षकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों के पास रहेगा। प्रदेश में खाली पड़े करीब पांच हजार पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने और नर्सरी शिक्षकों व केयरटेकर की भर्ती के लिए शीघ्र कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी है।

इसके अलावा प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में मिड-डे मील योजना अलग-अलग संचालित करने तथा दोनों स्तरों पर स्कूल प्रबंधन समितियां अलग रखने का निर्णय हुआ है। अंडर-12 आयु वर्ग की खेल प्रतियोगिताएं दोबारा शुरू करने पर भी सहमति बनी है। इससे प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को राज्य स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिल सकेगा। संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर और विभागीय कार्रवाई वापस लेने के मुद्दे पर भी सहमति बनी है।

रमेश शर्मा ने बताया कि नर्सरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या को स्कूल के कुल नामांकन में शामिल किया जाएगा। वहीं, बंद किए गए स्कूलों के पदोन्नति से संबंधित पदों को दूसरे स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे प्राथमिक शिक्षकों के पदोन्नति के अवसर प्रभावित नहीं होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाए जाने के बाद 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित धरना स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, 109 दिनों से जारी क्रमिक अनशन फिलहाल जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल बैठक में सहमति बनने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। जब तक सहमत मांगों को अधिसूचनाओं और विभागीय आदेशों के माध्यम से लागू नहीं किया जाता, तब तक संघ का क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा