home page

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में लोक भवन शिमला में रात्रि भोज का आयोजन

 | 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में लोक भवन शिमला में रात्रि भोज का आयोजन


शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास पर हैं। उनके सम्मान में मंगलवार शाम हिमाचल प्रदेश के लोक भवन शिमला में राज्य भोज का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति शाम करीब 7 बजे लोक भवन पहुंचीं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, राज्यपाल की पत्नी बिंदु गुप्ता और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह सन्धावालिया ने किया।

इस अवसर पर राज्यपाल और उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने राज्यपाल के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात कर उनसे बातचीत की। इसके बाद वह लोक भवन के दरबार कक्ष में आयोजित राज्य भोज में शामिल हुईं।

इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद सिकंदर कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनी राम शांडिल और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहे।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह, सेना प्रशिक्षण कमान के प्रमुख अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल एस.एस. दहिया, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, राष्ट्रपति की सचिव दीप्ति उमाशंकर और सैन्य सचिव मेजर जनरल वूदेव परिदा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा