home page

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल दौरा, शिमला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 | 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल दौरा, शिमला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम


शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। उनके इस प्रवास को लेकर शिमला में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए शहर में एक हजार से अधिक पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि पूरे शिमला शहर को बेहतर प्रबंधन के लिए तीन अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

डीआईजी साउथ रेंज अंजुम आरा के अनुसार राष्ट्रपति के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने शनिवार को बताया कि जिन क्षेत्रों में राष्ट्रपति के कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग (अल्टरनेट रूट) तय किए गए हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सैलानियों के लिए किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा और केवल राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान ही कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

राष्ट्रपति का मुख्य प्रवास शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में रहेगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 27 अप्रैल को वह नई दिल्ली से रवाना होकर चंडीगढ़ पहुंचेंगी और वहां से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मशोबरा पहुंचेंगी। आगमन के बाद वह सड़क मार्ग से राष्ट्रपति निवास जाएंगी, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है।

28 अप्रैल को राष्ट्रपति निवास में ही उनके कुछ उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जबकि इस दिन का अधिकांश समय विश्राम और निर्धारित बैठकों के लिए रखा गया है। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति लाहौल-स्पीति क्षेत्र में स्थित अटल टनल का दौरा करेंगी। इस दौरान वह सिस्सू हेलिपैड पहुंचकर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों से टनल की जानकारी लेंगी और नॉर्थ तथा साउथ पोर्टल का निरीक्षण करेंगी।

30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वह शिमला लौटकर आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा भी करेंगी और वहां अधिकारियों के साथ निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगी। 1 मई को मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमंत्रित अतिथियों से मुलाकात होगी।

दौरे के अंतिम दिन 2 मई को राष्ट्रपति निर्धारित मुलाकातों के बाद हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ जाएंगी और वहां से विशेष विमान के जरिए दिल्ली लौटेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा