home page

ओलावृष्टि और तूफान के अलर्ट के बीच राष्ट्रपति मुर्मू का अटल टनल रोहतांग दौरा रद्द

 | 
ओलावृष्टि और तूफान के अलर्ट के बीच राष्ट्रपति मुर्मू का अटल टनल रोहतांग दौरा रद्द


शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित अटल टनल रोहतांग दौरा रद्द कर दिया गया है। राष्ट्रपति बुधवार 29 अप्रैल को इस महत्वपूर्ण टनल का दौरा करने वाली थीं, लेकिन मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति को सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सिस्सू हेलीपैड पहुंचना था। इसके बाद वह सड़क मार्ग से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक जातीं, जहां सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों द्वारा उन्हें टनल से जुड़ी जानकारी दी जानी थी। इसके बाद राष्ट्रपति का साउथ पोर्टल का भी दौरा करने का कार्यक्रम था, लेकिन अब पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

दरअसल, मौसम विभाग ने 29 अप्रैल के लिए हिमाचल प्रदेश में भारी ओलावृष्टि, बारिश और तूफान को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मंगलवार को भी लाहौल-स्पीति सहित कई इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम का मिजाज और ज्यादा खराब हो गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था के मद्देनजर राष्ट्रपति का यह दौरा रद्द किया गया है।

राष्ट्रपति इस समय हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर हैं और शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में ठहरी हुई हैं। वह सोमवार को शिमला पहुंची थीं। अपने इस दौरे के दौरान वह 30 अप्रैल को पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके अलावा उनका शिमला में सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा करने और वहां अधिकारियों के साथ निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति का 1 मई को शिमला से दिल्ली लौटने का कार्यक्रम तय है।

इस बीच, राष्ट्रपति के सम्मान में मंगलवार शाम शिमला के लोक भवन में एक राज्य भोज का आयोजन भी किया गया। राष्ट्रपति शाम करीब 7 बजे लोक भवन पहुंचीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी बिंदु गुप्ता और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह सन्धावालिया ने किया।

लोक भवन के आदित्य कक्ष में राज्यपाल दंपति ने राष्ट्रपति को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने इस दौरान राज्यपाल के परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर बातचीत भी की। इसके बाद वह दरबार कक्ष में आयोजित राज्य भोज में शामिल हुईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा