home page

हिमाचल पुलिस के एक अधिकारी को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक, तीन अन्य भी होंगे सम्मानित

 | 
हिमाचल पुलिस के एक अधिकारी को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक, तीन अन्य भी होंगे सम्मानित


शिमला, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, अग्निशमन सेवा, होमगार्ड और सुधारात्मक सेवाओं से जुड़े कुल 1,057 अधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए विभिन्न पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस वर्ष घोषित पुरस्कारों में 301 वीरता पदक, 92 विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 664 सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। देशभर से चुने गए अधिकारियों और कर्मियों में हिमाचल प्रदेश के छह नाम भी शामिल हैं।

डीआईजी गुरुदेव चंद शर्मा को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीआईजी गुरुदेव चंद शर्मा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा। यह पदक उन अधिकारियों को दिया जाता है जिन्होंने लंबे समय तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता, निष्ठा और नेतृत्व के साथ किया हो। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान हिमाचल पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

आईजी अभिषेक दुल्लर सहित तीन पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक

सराहनीय सेवा पदक के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के तीन अधिकारियों का चयन हुआ है। इनमें पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड ऑर्डर) अभिषेक दुल्लर का नाम प्रमुख है। उनके अलावा सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) जगबीर सिंह और निरीक्षक अमर सिंह को भी यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इन अधिकारियों को विभाग में लंबे समय तक दी गई उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चुना गया है।

अग्निशमन और होमगार्ड सेवाओं को भी मिला सम्मान

पुलिस विभाग के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की अग्निशमन और होमगार्ड सेवाओं के अधिकारियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। अग्निशमन सेवा के कंपनी कमांडर प्रेम राज को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं होमगार्ड विभाग के प्लाटून कमांडर खेम चंद को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा की गई है। आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और जनसुरक्षा से जुड़े दायित्वों में इन दोनों सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

हिमाचल के लिए गौरव की बात

केंद्र सरकार हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन पदकों की घोषणा करती है। इन सम्मानों का उद्देश्य सुरक्षा और आपदा प्रबंधन सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों के साहस, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देना है। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के छह अधिकारियों और कर्मियों का चयन राज्य के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। विशेष रूप से डीआईजी गुरुदेव चंद शर्मा को मिला राष्ट्रपति पदक हिमाचल पुलिस की उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा