home page

एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग में मतभेद गंभीर चिंता का विषय : प्रतिभा सिंह

 | 
एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग में मतभेद गंभीर चिंता का विषय : प्रतिभा सिंह


शिमला, 30 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग में सामने आए मतभेद गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एकतरफा फैसलों से देश में जनमत की चोरी की स्थिति पैदा हुई है।

नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के बाद प्रतिभा सिंह ने कहा कि बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देशभर में बड़ा अभियान चलाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को गंभीरता से उठाने की बात कही है।

प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग में मतभेद की खबरों ने देश की चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत अब तक 13 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में यह चिंता का विषय है कि कहीं पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश में पहली बार किसी मुख्य चुनाव आयुक्त पर इस तरह के गंभीर आरोप लग रहे हैं। उनके अनुसार, इससे चुनाव प्रणाली में लोगों के भरोसे को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के नागरिकों के अधिकारों का हनन किया है और कहा कि उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए देशभर में अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के लिए भाजपा को भी देश से माफी मांगनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा