प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर नव भारत युवा संघ ने उठाए सवाल, कानून व्यवस्था सुधारने की मांग
नाहन, 14 जून (हि.स.)। प्रदेश में हाल ही में सामने आई आपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर नव भारत युवा संघ ने रविवार को नाहन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा ने की।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए भावना शर्मा ने कहा कि शिमला में एक महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि मृतका ने पूर्व में एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया था, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिणामस्वरूप यह दुखद घटना सामने आई।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले अपराधी गंभीर वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं, जबकि पुलिस अब तक उन्हें पकड़ने में सफल नहीं हो पाती। यह स्थिति प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती है। उन्होंने सिरमौर जिले के कोलर क्षेत्र में हाल ही में हुई गुंडागर्दी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से आम जनता में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
भावना शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी शांतिपूर्ण छवि, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए देशभर में जाना जाता है, लेकिन लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं प्रदेश की प्रतिष्ठा को प्रभावित कर रही हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी और कड़े कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि अपराध संबंधी मामलों में पुलिस को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

