home page

सिरमौर में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, पोलिंग पार्टियां रवाना

 | 
सिरमौर में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, पोलिंग पार्टियां रवाना


नाहन, 16 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में नगर परिषद नाहन, पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ में होने वाले शहरी निकाय चुनावों के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 17 मई को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार को 55 पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि नगर परिषद पांवटा साहिब के लिए 25 पोलिंग पार्टियां, नगर परिषद नाहन के लिए 23 और नगर पंचायत राजगढ़ के लिए 7 पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए 23 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 19 हजार 876 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वहीं नगर परिषद पांवटा साहिब के 13 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 18 हजार 288 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पंचायत राजगढ़ के 7 वार्डों के लिए 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और यहां 1 हजार 982 मतदाता वोट डाल सकेंगे।

चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए हैं। उपायुक्त प्रियंका वर्मा के अनुसार करीब 200 पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। इनमें 55 मतदान केंद्रों पर 110 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 90 अन्य पुलिसकर्मी भी नियुक्त किए गए हैं।

उधर, नाहन के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम राजीव सांख्यान ने बताया कि नगर परिषद नाहन में चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 23 पोलिंग पार्टियों और 5 रिजर्व पोलिंग पार्टियों को तीसरे चरण का प्रशिक्षण देने के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों तक पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना भी करवाई जाएगी। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल और वरिष्ठ नागरिकों के बैठने जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का जरूर इस्तेमाल करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर