प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजयूमो ने मंडी में किया धरना-प्रदर्शन
मंडी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मंडी द्वारा दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने की कथित साज़िश करने वाले यूथ कांग्रेस तथा इस प्रकरण में संलिप्त आरोपियों को संरक्षण देने वाली हिमाचल की प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ मंडी में जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने कहा कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नुक्सान पहुंचाने का प्रयास न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह राष्ट्रहित के विरुद्ध कृत्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में प्रदेश सरकार गांधी परिवार के दबाव में आकर आरोपियों को संरक्षण दे रही है, जो अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, किंतु देश की गरिमा, संप्रभुता और सम्मान से समझौता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। युवा मोर्चा राष्ट्रहित के मुद्दों पर कभी भी समझौता नहीं करेगा और देश की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य का कड़ा विरोध करता रहेगा।
जिला महामंत्री विशाल मंदोत्रा ने कहा कि गत दिवस हिमाचल पुलिस द्वारा दिल्ली पुलिस को डिटेन किए जाने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्यवाही करने के बजाय राजनीतिक प्रभाव में कार्य कर रहा है। इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह खड़े करती हैं।
युवा मोर्चा ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रदेश सरकार इस प्रकरण में अपनी स्थिति स्पष्ट करे और यदि किसी स्तर पर संरक्षण दिया गया है तो उसकी जवाबदेही तय की जाए। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

