सराज में सड़कों की बदहाली और एचआरटीसी के 17 रूट बंद : जयराम ठाकुर
मंडी, 02 सितंबर (हि.स.)। सराज के विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार और परिवहन मंत्री की अनदेखी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दो सालों में सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम न उठाना जनता के साथ सरासर अन्याय है। विधान सभा में सराज से विधायक जयराम ठाकुर द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न संख्या के जवाब में जो सरकारी आंकड़े सामने आए हैं, वे सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली और उप-मुख्यमंत्री जो परिवहन मंत्री भी हैं की भारी अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। वि
धानसभा पटल पर रखी जानकारी के अनुसार, सराज विधानसभा क्षेत्र में दिसंबर 2022 तक हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल 39 बस रूटों पर बसें सुचारू रूप से संचालित होती थीं। लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान इनमें से 17 रूटों पर बस सेवाएं पूरी तरह बंद पड़ी है। लगभग दो साल बीत जाने के बाद भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सराज क्षेत्र की सड़कों की बहाली न हो पाना और रूट बंद पड़े रहना प्रदेश सरकार की बेहद निराशाजनक तस्वीर पेश करता है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकारी जवाब में 17 रूट बंद होने के पीछे मुख्य कारण मार्ग अवरुद्ध होना, संसाधनों की कमी और यात्रियों की कम उपलब्धता बताया गया है। जो सीधे तौर पर एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग की नाकामी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां मंडी से गाड़ागुशेणी, थाची, जंजैहली, थुनाग, केल्टी, जंजैहली-चंडीगढ़ जैसे महत्वपूर्ण महत्वपूर्ण और दूरदराज के इलाकों की जनता दैनिक आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर है। वहीं सरकार द्वारा दो सालों में सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम न उठाना जनता के साथ सरासर अन्याय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

