सरदार पटेल विश्वविद्यालय को व्यवस्थित तरीके से कमजोर कर रही कांग्रेस सरकार : डॉ. राजीव बिंदल
मंडी, 09 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सुनियोजित तरीके से सरदार पटेल विश्वविद्यालय को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के फैसलों से स्पष्ट है कि वह मंडी क्षेत्र के छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2022 में मंडी सहित प्रदेश के मध्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरदार पटेल विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला पर बढ़ते दबाव को कम करना और मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर तथा आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करना था।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना के समय लगभग 119 से 128 कॉलेज इससे संबद्ध थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने धीरे-धीरे अधिकांश कॉलेजों को वापस हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से जोड़ दिया। वर्तमान समय में एसपीयू के अंतर्गत केवल लगभग 50 कॉलेज ही बचे हैं। यह दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार ने इस विश्वविद्यालय को व्यवस्थित रूप से कमजोर करने का काम किया है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मंडी जिला में भाजपा को मिले व्यापक जनसमर्थन के कारण कांग्रेस सरकार राजनीतिक मानसिकता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र के विकास और शिक्षा संस्थानों को कमजोर करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों को वापस शिमला से जोड़ने के कारण छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक, प्रशासनिक और मानसिक बोझ बढ़ेगा। परीक्षाओं, प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए छात्रों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा का मानना है कि यह फैसला छात्र विरोधी और क्षेत्र विरोधी है। कांग्रेस सरकार लगातार शिक्षा और जनसेवा संस्थानों को बंद या कमजोर करने का काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

