विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह से उठाया बल्ह क्षेत्र की सड़कों और पुलों का मसला
मंडी, 07 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला से बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भेंट कर बल्ह क्षेत्र की विभिन्न सड़कों एवं पुलों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने बल्ह विधानसभा क्षेत्र की जनता को पेश आ रही समस्याओं से मंत्री को अवगत करवाया तथा सड़कों की मरम्मत, नई सड़कों के निर्माण और पुलों के निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने की मांग की।
विधायक ने बताया कि अपर बल्ह, लेदा सहित पूरे बल्ह विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों और क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति, मुरम्मत की आवश्यकता तथा पुलों से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें और पुल जनता की रोजमर्रा की आवाजाही के साथ-साथ किसानों, बागवानों और स्थानीय लोगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने बताया कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार बल्ह विधानसभा क्षेत्र की सड़कों और पुलों से संबंधित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाएगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

