थम नहीं रहा कंगना का अधिकारियों को हड़काने का विवाद, कांग्रेस ने सांसद को लिया है आड़े हाथ
मंडी, 08 सितंबर (हि.स.)। दिशा की बैठक में सांसद कंगना रनौत द्वारा अधिकारियों की हड़काई का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इसे लेकर अब राजनीति भी खूब होने लगी है। राष्ट्रीय स्तर पर यह बैठक और इसमें जिस तरह की भाषा का प्रयोग सांसद ने एमपीलैड से जुड़े कार्यों की प्रगति से निराश होकर गुस्से में किया, इसे लेकर भी पूरा सोशल मीडिया भरा पड़ा है। इधर, कांग्रेस भी पूरी तरह से कंगना रनौत को कोसने में लगी है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य का मानना है कि ज्यादा उंचा बोलने से नहीं बल्कि कलम की ताकत से भी काम हो जाते हैं। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रकाश चौधरी का कहना है कि साल में 364 दिन मुंबई में शूटिंग और एक दिन संसदीय क्षेत्र आकर रौब झाड़ना बंद करें। उन्होंने कहा कि सांसद आपदा के वक्त पीड़ितों का हाल पूछने नहीं आईं, न ही राष्ट्रीय राहत कोष से एक रुपया दिलाया है। उन्होंने कहा कि अहंकार में चूर होकर अधिकारियों को सरेआम बेइज्जत करना सांसद को कतई शोभा नहीं देता।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि सांसद साल के 364 दिन मुंबई में बिताती हैं और मात्र एक दिन संसदीय क्षेत्र आकर अपनी नाकामी छिपाने के लिए अधिकारियों पर चीखती-चिल्लाती हैं। जब मंडी संसदीय क्षेत्र में भयंकर प्राकृतिक आपदा आई थी, लोग बेघर होकर दाने-दाने को तरस रहे थे, तब कंगना पीड़ितों का हाल जानने तक नहीं आईं। उस संकट की घड़ी में जनता का दर्द बांटने के बजाय वह मुंबई में फिल्मों की शूटिंग में मस्त रहीं। सांसद बनने के बाद वह राष्ट्रीय राहत कोष या केंद्र सरकार से आपदा पीड़ितों के लिए एक रुपया तक नहीं दिला पाईं, जो बेहद शर्मनाक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

