home page

हिमकेयर योजना को बदनाम करने के लिए रचा जा रहा जांच का नाटक: जयराम

 | 
हिमकेयर योजना को बदनाम करने के लिए रचा जा रहा जांच का नाटक: जयराम


मंडी, 13 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकाल की अति लोकप्रिय हिमकेयर योजना को बंद करने और उसे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा में 1100 करोड़ के घोटाले का अनर्गल दावा करते रहे, जबकि योजना की शुरुआत से अब तक कुल 850 करोड़ रुपए ही खर्च हुए हैं। जबकि अपनी फजीहत के बाद अब मुख्यमंत्री 100 करोड़ की गड़बड़ी की बात कहकर पुलिस अधिकारियों को जांच में लगा रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री को खुले मंच से चुनौती दी कि वे योजना में घोटाला साबित करके दिखाएं, अन्यथा राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही इस राजनीति से प्रेरित जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। रविवार को जयराम ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत करते हुए सभी सफल प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्हें पूर्ण निष्ठा, समर्पण तथा जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने का आह्वान किया।

इससे पूर्व यहां पहुंचे पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में भव्य स्वागत हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखे हमले बोले और आरोप लगाया कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। लेकिन वर्तमान सरकार ने चुनाव टालने के हर संभव हथकंडे अपनाए और अंततः माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही ये चुनाव संपन्न हो सके, जिसमें जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है।

प्रदेश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ‘तालाबंदी’ ही सुक्खू गवर्नेंस का मुख्य मॉडल बन चुका है और चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है जहां भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी। राजनीतिक आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मंडी जिले ने 2017 और 2022 के चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया। और 2027 के विधानसभा चुनावों में भी मंडी की सभी 10 की 10 सीटें भाजपा ही जीतेगी। वहीं कांगड़ा से भी अबकी बार अच्छा माहौल है और भाजपा यहां भी कम से कम 12 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले और संसदीय क्षेत्रों में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और अब मुख्यमंत्री अपने लिए सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता के दम पर जन प्रतिनिधियों को धमकाने और डराने की पूरी कोशिश की, लेकिन जनता और प्रतिनिधियों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दे दिया है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे हैं, जिसके तहत भाजपा के 13 विधायकों और पूर्व विधायकों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं तथा अधिकारियों पर फर्जी मामले बनाने का दबाव डाला जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा