मुख्यमंत्री की दस गारंटियां पूरी करने का दावा सफ़ेद झूठ : जयराम ठाकुर
मंडी, 16 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए झूठ बोलने की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए जिन झूठी गारंटियों का सहारा लिया था, उनमें से आज तक एक भी पूरी नहीं हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जैसा राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए झूठ बोले तो समझ आता है। लेकिन संवैधानिक पद पर बैठा मुख्यमंत्री जब ऐसा सफेद झूठ कहे तो यह विशुद्ध राजनीतिक लाभ लेने की मंशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि प्रदेश सरकार के पास अपने कर्मचारियों को समय पर सैलरी और पेंशन देने के लिए पैसे नहीं हैं। मुख्यमंत्री जनता को लालच दे रहे हैं कि कांग्रेस के पार्षदों को जिताकर भेजो तो विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। जिससे साफ होता है कि यह सिर्फ वोट हथियाने और पार्षदों को खरीदने की घटिया राजनीति है जिसे जनता अब अच्छी तरह समझ चुकी है । चारों नगर निगम चुनावों के साथ-साथ स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में भाजपा शानदार प्रदर्शन कर इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। मंडी के बालीचौकी के दौरे के दौरान पूर्व
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत देते हुए एक बड़ा संगठनात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता हमेशा पहले है और प्रधान या अन्य पद बाद में आते हैं, इसलिए कोई भी व्यक्ति संगठन को दरकिनार करके या आपसी मतभेद पालकर पंचायत चुनाव न लड़े। बल्कि सभी लोग आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि हमेशा काम करवाने वाला होना चाहिए और जो जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी आवाज को सही मंच पर मजबूती से उठा सके। जनता को केवल उसी योग्य व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल और वित्तीय रूप से दिवालिया हो चुकी है, इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर धरातल पर सक्रिय हो जाएं और सरकार की जनविरोधी नीतियों व भ्रष्टाचार को जनता के बीच ले जाकर आगामी स्थानीय निकाय व पंचायती राज चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के साथ ही इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से बेदखल करने की नींव रखें।
सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुढार और ग्राम पंचायत अनाह का सर्वसम्मति से निर्विरोध गठन हुआ है। इस ऐतिहासिक फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे और एकता का यह उदाहरण पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। ग्रामीणों के इस फैसले से चुनाव में होने वाले मतभेदों से बचकर विकास को गति मिलेगी। उम्मीद है कि दोनों पंचायतें विकास, जनसेवा और सामाजिक समरसता के नए आयाम स्थापित करेंगी। सभी पंचायत वासियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

