home page

जयराम बोले न इधर की न उधर की अब प्रदेश की सुक्खू सरकार को उखाड़ फैंकना एकमात्र लक्ष्य

 | 
जयराम बोले न इधर की न उधर की अब प्रदेश की सुक्खू सरकार को उखाड़ फैंकना एकमात्र लक्ष्य


मंडी, 04 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने सीधा सरल रूख अपना रखा है कि प्रदेश की सुक्खू सरकार को उखाड़ फैंकना है। उन्होंने कहा कि अब न इधर की न उधर की प्रदेश की सुखखू सरकार को हटाकर ही दम लेंगे। विधानसभा में भाजपा जितने भी मुद्दे उठाने में सफल रही है। उन्हें जनता के बीच ले जाकर कांग्रेस को सबसे बड़ी हार की ओर ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक समोसे के हेर–फेर होने पर सीआईडी की जांच करवाने वाले मुख्यमंत्री, यात्री द्वारा बस में राहुल गांधी से जुड़ा वीडियो चलने पर बस कंडक्टर और ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई का पत्र जारी करने वाले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चेस्टर हिल में 1500 करोड़ से ज्यादा के घोटाले पर खामोश क्यों हैं। आखिर उनकी क्या विवशता है कि उन्हें इतने गंभीर आरोपों को टालने के लिए पत्रकारों के सामने हास्यप्रद जवाब देकर अपनी किरकिरी करवानी पड़ रही है। संपूर्ण प्रदेश के टॉप ब्यूरोक्रेट्स को आपस में लड़ाकर वह अपना कौन सा काम निकालना चाहते हैं? प्रदेश के लोग यह जानना चाहते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा है कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर सत्ता संभालने वाले मुख्यमंत्री ने जब एक समोसा गायब होने पर सीआईडी के डीजी से लेकर डीएसपी रैंक के अधिकारियों को काम में लगा दिया, लेकिन चेस्टर हिल के सैकड़ों करोड़ के घोटाले में 'टॉप ब्यूरोक्रेट्स' के अधिकारियों के संवैधानिक और न्यायिक अधिकार क्षेत्र से बाहर दखल, आरोपी को लाभ देने की एकतरफा कार्रवाई और सक्षम अधिकारियों की जांच रिपोर्ट को अकारण खारिज कर देने वाले 'टॉप ब्यूरोक्रेट्स' के बारे में मुख्यमंत्री कोई जानकारी होने से कैसे इनकार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा