home page

देवधार में महिला कांग्रेस की बैठक में संगठन की मजबूती पर दिया जोर

 | 
देवधार में महिला कांग्रेस की बैठक में संगठन की मजबूती पर दिया जोर


मंडी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र की मांथला पंचायत के देवधार गांव में महिला कांग्रेस की बैठक ब्लॉक अध्यक्षा पदमा गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर मुख्य बतौर अतिथि मौजूद रही। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक शर्मा विशेष अतिथि तथा मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजय कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अतिथियों का फूलमालाओं से भव्य स्वागत कर सम्मानित किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने महिलाओं के हितों, अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा नेतृत्व के अवसर प्रदान करना आवश्यक है।

दीपक शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज की दिशा और दशा बदलने की सामर्थ्य रखती हैं। राजनीति और सामाजिक जीवन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और महिलाओं एवं युवाओं के हित में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जानकारी पुस्तिका का वितरण अभियान भी शुरू किया गया। उपस्थित महिलाओं को पुस्तिकाएं वितरित की गईं। यह अभियान आगे मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में चलाया जाएगा, ताकि प्रदेश सरकार की योजनाओं और जनहितकारी कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

ब्लाक अध्यक्ष पदमा गुलेरिया ने कहा कि महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा