home page

चारों नगर निगमों में खिलेगा कमल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ है जनता में आक्रोश : जयराम ठाकुर

 | 
चारों नगर निगमों में खिलेगा कमल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ है जनता में आक्रोश : जयराम ठाकुर


मंडी, 15 मई (हि.स.)। मंडी नगर निगम के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने मंडी शहर में रोड शो एवं रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ऐतिहासिक चौहट्टा बाजार में विशाल जनसभा के माध्यम से कांग्रेस सरकार के विरुद्ध शंखनाद करते हुए दावा किया है कि प्रदेश की चारों नगर निगमों में भगवा फहराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठी गारंटियों से हिमाचल की जनता का मोहभंग हो चुका है। आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर इसे सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुका है।

उन्होंने कहा कि यह नगर निगम चुनाव महज स्थानीय चुनाव नहीं बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की विदाई की पटकथा लिखने वाले साबित होंगे। जयराम ने कहा कि मैं चारों जगह प्रचार करके आया हूं और निश्चित रूप से कह सकता हूं कि चारों जगह कमल खिलेगा और इस सरकार के विदाई की शहनाई बज उठेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरेआम आदर्श चुनाव आचार संहिता का उलंघन्न कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हार के डर से बौखलाई कांग्रेस अब प्रलोभन की राजनीति पर उतर आई है, जिसका प्रमाण मुख्यमंत्री द्वारा चुनावी सभाओं में खुलेआम यह कहना है कि कांग्रेस पार्षदों को जिताने पर वार्डों को 50 लाख से एक करोड़ रुपए का बजट दिया जाएगा। उन्होंने इस बयान को लोकतंत्र की मर्यादा का अपमान और मतदाताओं को खरीदने का एक असफल प्रयास करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह कृत्य चुनाव आयोग की निष्पक्षता को चुनौती दे रहा है। जिसके विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करवाकर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रही है।

ठाकुर ने मंडी में उमड़े जनसैलाब को भाजपा की विजय का अग्रिम संकेत बताते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मतदान के दिन तक पूरी ऊर्जा के साथ डटे रहें। क्योंकि जनता अब कांग्रेस के कुशासन और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का बदला लेने के लिए पूरी तरह तैयार है । उन्होंने कहा कि आगामी मतगणना के दिन पालमपुर से लेकर सोलन तक कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ होना तय है। इस अवसर पर उनके साथ विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, पूर्व मेयर वीरेंद्र भट्ट, भाजपा महामंत्री पायल वैद्य और जिलाध्यक्ष निहाल चंद भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा