home page

सरकार वॉकथॉन कर रही है और चिट्टा माफिया मेराथन दौड़ रहा है : राकेश जम्वाल

 | 
सरकार वॉकथॉन कर रही है और चिट्टा माफिया मेराथन दौड़ रहा है : राकेश जम्वाल


मंडी, 11 नवंबर (हि.स.)। भाजपा हिमाचल प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि चिट्टे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को केवल रैलियों, वॉकथॉन और शपथ कार्यक्रमों से समाप्त नहीं किया जा सकता। जागरूकता आवश्यक है, लेकिन जब तक नशे के कारोबार में शामिल बड़े तस्करों, सप्लाई नेटवर्क और उनके संरक्षण से जुड़े लोगों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाना मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि सरकार वॉकथॉन कर रही है और चिट्टा माफिया मेराथन दौड़ रहा है। सरकार को यह समझना होगा कि चिट्टे का कारोबार केवल कुछ छोटे सप्लायरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम करता है। छोटे-मोटे सप्लायरों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपाने के बजाय सरकार को उस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना होगा, जहां से इस अवैध कारोबार को संचालित किया जा रहा है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि सवाल यह है कि आखिर बड़ी मछलियों तक पुलिस और जांच एजेंसियों के हाथ कब पहुंचेंगे? कौन लोग इस कारोबार को संरक्षण दे रहे हैं? चिट्टे की सप्लाई के आर्थिक स्रोतों और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है? जनता इन सवालों के जवाब चाहती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है। ऐसे समय में सरकार को राजनीतिक शोशेबाजी और बड़े-बड़े आयोजनों से आगे बढ़कर परिणाम देने होंगे। नशे के खिलाफ अभियान केवल मंचों पर भाषण देने या भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरकार अपनी कार्रवाई का पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखे और बताए कि बड़े तस्करों, उनके आर्थिक नेटवर्क तथा सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए क्या ठोस कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई में भाजपा और समाज का हर वर्ग सहयोग देने को तैयार है, लेकिन सरकार की जिम्मेदारी है कि वह केवल संदेश देने तक सीमित न रहे, बल्कि कानून का सख्ती से इस्तेमाल करते हुए इस कारोबार में शामिल हर व्यक्ति को जवाबदेह बनाए। युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी कार्रवाई, जवाबदेही और निरंतर निगरानी भी जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा