home page

युवाओं को चाहिए रोजगार, लॉटरी का टिकट नहीं : राकेश जमवाल

 | 
युवाओं को चाहिए रोजगार, लॉटरी का टिकट नहीं : राकेश जमवाल


मंडी, 27 अगस्त (हि.स.)। भाजपा विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल के लाखों युवाओं को रोजगार देने की गारंटी तो पूरी नहीं की। लेकिन अब उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हुए लॉटरी का टिकट देने की तैयारी कर रही है। राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन युवाओं को न तो वादा किया गया रोजगार मिला और न ही स्थायी रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा किए गए।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार से युवा रोजगार की उम्मीद कर रहे थे, वह अब राजस्व जुटाने के लिए लॉटरी का सहारा लेने जा रही है। हिमाचल के युवाओं को रोजगार चाहिए, लॉटरी का टिकट नहीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहले भी लॉटरी चलती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बंद करने का निर्णय लिया था। इसके बाद प्रदेश में बनी विभिन्न सरकारों ने भी इसे दोबारा शुरू नहीं किया। अब वर्तमान कांग्रेस सरकार का इसे पुनः शुरू करने का निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है।

राकेश जमवाल ने कहा कि सरकार को यह सोचना चाहिए कि वह किस दिशा में हिमाचल को ले जा रही है। एक तरफ प्रदेश में नशे की समस्या लगातार गंभीर हो रही है और आए दिन युवाओं के नशे की चपेट में आने की खबरें सामने आती हैं, वहीं सरकार कभी भांग की खेती को रोजगार का माध्यम बनाने की बात करती है और अब लॉटरी शुरू करने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा