home page

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा था रात के अंधेरे में निपटा दो, सीएम ने उन्हें दिन के उजाले में ही निपटा दिया : राकेश जम्बाल

 | 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा था रात के अंधेरे में निपटा दो, सीएम ने उन्हें दिन के उजाले में ही निपटा दिया : राकेश जम्बाल


मंडी, 18 अगस्त (हि.स.)। भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्बाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के विकास और जनसमस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपनी ही सरकार के मंत्रियों को निपटाने में लगे हुए हैं। प्रदेश की जनता परेशान है, प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा रही है और सरकार के भीतर आपसी खींचतान लगातार सामने आ रही है।

राकेश जम्बाल ने कहा कि प्रदेश के हालात कितने खराब हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आए दिन कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान अपनी ही सरकार के भीतर शक्ति संतुलन बनाने और अपने से अलग राय रखने वाले लोगों को कमजोर करने पर दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की कार्यशैली अब इतनी स्पष्ट हो चुकी है कि जो मंत्री उनके हिसाब से चले, उसके लिए सब ठीक है, लेकिन जो अपने विभाग में अपनी समझ और अधिकार के अनुसार काम करने की कोशिश करे, उसे किनारे करने के रास्ते तलाशे जाते हैं। राकेश जम्बाल ने कहा कि कुछ समय पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि जो लोग सरकार के विरोध में हैं, उन्हें रात के अंधेरे में निपटा दो। आज स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने ही उपमुख्यमंत्री को दिन के उजाले में ही निपटा दिया, रात के अंधेरे का इंतजार भी नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पिछले कल मंडी में एचआरटीसी की नई बसों को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम इसका ताजा उदाहरण है। परिवहन विभाग के मंत्री के मंडी पहुंचने से पहले और विभाग से जुड़े कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की कमान अपने हाथ में लेकर यह संदेश दे दिया कि सरकार में विभागीय मंत्री की भूमिका कितनी सीमित कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा